भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया के विरोध में हजारों कार्यकर्ता सडकों पर उतरे!

झाबुआ। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष भानू भूरिया को भाजपा द्वारा झाबुआ विधानसभा का अधीकृत उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में कई कार्यकर्ता मुखर हो गए। सैकडों युवा कार्यकर्ताओं ने भरी बारिश में वाहन रैली निकालकर उम्मीदवार का विरोध किया। 

नगर के कृषि उपज मंडी प्रांगण में  भाजपा के सैकडों कार्यकर्ता टूवीलर वाहनों से एकत्रित हुए। कुछ कार्यकर्ताओं के हाथ में भाजपा के झंडे के साथ ही काले झंडे थे। कई कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तीयां ले रखी थी, जिस पर लिखा था, भानू भूरिया हटाओ, झाबुआ सीट बचाओ। 

कार्यकर्ताओं ने भाजपा के समर्थन और विधानसभा उम्मीदवार भूरिया के विरोध में जमकर नारेबाजी  करते हुए नगर में वाहन रैली निकाली। 

कृषि उपज मंडी प्रांगण से प्रारंभ हुई रैली राजगढ नाका, विजय स्तंभ चौराहा, आजाद चौक, राजवाडा चौक, काॅलेज मार्ग होते हुए राजगढ नाका पर समाप्त हुई।

रैली का नेतृत्व कर रहे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रमेश भाबोर का खुल्लमखुल्ला कहना है कि हम भाजपा के विरोध में नहीं है। प्रत्याशी के विरोध में है। जैसा कि भाजपा की नीति हैं परिवार वाद हटाओ देश बचाओ की पद्धति पर हम परिवारवाद का विरोध कर रहे है। भानू भूरिया स्वयं भाजपा के जिलाध्यक्ष है। इनकी पत्नी रानापुर जनपद पंचायत की अध्यक्ष है, आईटीडीपी की अध्यक्ष है। 

रमेश भाबोर ने कहा, भाजपा ने झाबुआ विधानसभा का प्रत्याशी भी भानू भूरिया को बना दिया। एक ही परिवार में इतने दायित्व दिए जाएंगे तो बाकी के कार्यकर्ता कहां जाएंगे। इसलिए पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। 

श्री भाबोर ने बताया की रैली के माध्यम से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा रहे है, प्रत्याशी बदलें। और प्रत्याशी नहीं बदला जाता तो इसकी जवाबदारी भाजपा की होगी। कोई भी कार्यकर्ता भानू भूरिया के लिए चुनाव में काम नहीं करेगा। 

रैली  में  झाबुआ विधानसभा  क्षेत्र  के ग्राम बोरी, कल्याणपुरा, झाबुआ, पिटोल, कुंदनपुर और रानापुर क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच, पंच, बूथ स्तर के कार्यकर्ता सहित मंडल के कार्यकर्ता शामिल हुए। 

संभवतः यह पहली बार हुआ है की भाजपा द्वारा घोषित अधीकृत उम्मीदवार के खिलाफ कार्यकर्ताओं का आक्रोश सामनें आया है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार भानू भूरिया की राह और कठिन हो गई है। इसके साथ ही पार्टी की चिंता भी बढ गई है। लेकिन इस घटना को लेकर कांग्रेसियों में खुशी है।

Post a Comment

0 Comments