इंदौर, 10 जनवरी 2026 — यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की हिफाजत को लेकर जीआरपी थाना इंदौर ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है। विशेष अभियान के तहत जीआरपी इंदौर पुलिस ने एक आदतन शातिर चोर का आरोपी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
रेलवे स्टेशन इंदौर में अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 10 जनवरी 2026 को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक सौरभ अहिरवार उर्फ पट्टे (उम्र 18 वर्ष 4 माह), निवासी जैसी नगर, जिला सागर को धर दबोचा। आरोपी स्टेशन क्षेत्र में चोरी का कैमरा व लैपटॉप बेचने की फिराक में घूम रहा था।
आरोपी से विभिन्न प्रकरणों में चोरी किया गया एक ओप्पो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 11,000 रुपये), एक काले रंग का पिठ्ठू बैग, जिसमें सोनी कंपनी का कैमरा (कीमत लगभग 1,50,000 रुपये), लेनोवो कंपनी का लैपटॉप, तीन पेन ड्राइव एवं चार्जर (कीमत लगभग 35,000 रुपये) बरामद किए गए। कुल मिलाकर करीब 1,96,000 रुपये का मशरूका जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में कदम रख चुका था और पूर्व में भी चोरी की कई घटनाओं में संलिप्त रहा है।
0 Comments