झाबुआ। जिले के प्रशासनिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। डॉ. योगेश तुकाराम भरसट को झाबुआ का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे वर्ष 2017 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं।
डॉ. भरसट वर्तमान में आयुष्मान भारत निरामयम, मध्य प्रदेश में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर कार्यरत रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार, आभा (ABHA) आईडी निर्माण तथा प्रधानमंत्री एक्सीडेंट रिलीफ स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
चिकित्सा क्षेत्र की मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि रखने वाले डॉ. भरसट ने बी.जे. मेडिकल कॉलेज, पुणे से MBBS और MD की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 2017 की UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 215 हासिल कर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया।
प्रशासनिक अनुभव की बात करें तो वे इससे पहले सागर और विदिशा जिलों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।
मूल रूप से नाशिक, महाराष्ट्र के निवासी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट को एक कुशल और नवाचारों पर आधारित प्रशासनिक अधिकारी माना जाता है। झाबुआ में उनकी नियुक्ति से जिले में विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
0 Comments