झाबुआ।
जिला चिकित्सालय झाबुआ के मुख्य द्वार पर गंदगी और जलभराव की स्थिति ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। अस्पताल परिसर के बाहर नालियों का गंदा पानी जमा होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को अस्पताल में प्रवेश करने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
कुछ दिन पूर्व ही नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा नगर पालिका के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए गए थे। लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का असर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। जिला मुख्यालय स्थित सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के बाहर ही इस तरह की अव्यवस्था कई सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के बाहर लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिससे गंदा पानी सड़क पर बहकर जमा हो रहा है। इससे न सिर्फ बदबू फैल रही है, बल्कि संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है। खासकर मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
प्रशासन की अनदेखी और नगर पालिका की लापरवाही के चलते आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब देखना यह होगा कि कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी बनी इस स्थिति पर जिम्मेदार अधिकारी कब संज्ञान लेते हैं और व्यवस्था में सुधार होता है या नहीं।
0 Comments