जीआरपी थाना गुना की सतर्कता से गुमशुदा महिला सकुशल बरामद, परिजनों को किया सुपुर्द।

गुना, दिनांक 05 मई 2026*– रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बार फिर सराहनीय सफलता प्राप्त हुई है। जीआरपी थाना गुना की मुस्तैदी, त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के चलते गुमशुदा महिला को सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

श्री राजाबाबू सिंह, अति पुलिस महानिदेशक रेलवे भोपाल के निर्देशानुसार तथा श्री हेमंत चौहान, प्रभारी पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर एवं श्रीमती ज्योति शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर के मार्गदर्शन में जीआरपी टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया।

दिनांक 04-05 मई 2026 की मध्यरात्रि में पुलिस थाना कोतवाली झाबुआ एवं सीसीटीएनएस रेल इंदौर से प्राप्त सूचना के आधार पर गुमशुदा महिला (शाहिन खान, काल्पनिक नाम, उम्र 19 वर्ष, निवासी झाबुआ) जीआरपी गुना टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया।

जीआरपी की सतर्क निगाहों ने जल्द ही सफलता दिलाई और बताए गए हुलिए से मिलती महिला को ट्रेन से सुरक्षित उतारकर थाने लाया गया। पहचान एवं पुष्टि के पश्चात महिला को आवश्यक देखभाल प्रदान की गई तथा आत्मीय वातावरण में पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला द्वारा पारिवारिक कारणों से घर छोड़ना बताया गया।

इसके उपरांत जीआरपी द्वारा तत्परता से संबंधित थाना एवं परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस थाना कोतवाली झाबुआ एवं परिजनों की उपस्थिति में महिला को विधिवत सुपुर्द किया गया। परिजनों ने जीआरपी पुलिस की इस संवेदनशील एवं सराहनीय कार्रवाई के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

यह सफलता जीआरपी की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता एवं मानवीय दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो यात्रियों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सराहनीय कार्य करने वाली टीम –
थाना प्रभारी सउनि श्रीपाल सिंह, प्रआर 516 रमाकांत ओझा, प्रआर 412 राजकुमार, मआर 80 पायल पालीवाल, आर 348 प्रदीप सिंह, आर 474 सूरज धाकड़, प्रआर जगदीश तिवारी (सीसीटीएनएस), जीआरपी ब्यावरा से प्रआर 248 अजय यादव एवं आर 250 देवी सिंह।

Post a Comment

0 Comments